सोगरा हाई स्कूल मैदान में शान से फहराया तिरंगा, 77वें गणतंत्र दिवस पर नालंदा में भव्य परेड, झांकियां व सम्मान समारोह

0
20260126_091413

बिहारशरीफ, नालंदा। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नालंदा जिला प्रशासन द्वारा मुख्य समारोह का आयोजन सोगरा हाई स्कूल मैदान, बिहारशरीफ में किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नालंदा कुंदन कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान के साथ समारोह की विधिवत शुरुआत हुई।

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी एवं परेड कमांडर द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। परेड में जिला सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), गृह रक्षक, सैनिक स्कूल, एनसीसी तथा स्काउट एंड गाइड (पुरुष एवं महिला) के प्लाटूनों ने भाग लिया। परेड का संचालन प्रथम परेड कमांडर पु०अ०नि० सिद्धार्थ आनंद एवं द्वितीय परेड कमांडर परिचारी रबिन कुमार यादव द्वारा किया गया।

1001210544

समारोह में एसएस बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित दर्शकों ने सराहा। अपने संबोधन में जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं एवं जिले में चल रहे विकासात्मक कार्यों की जानकारी दी और आम नागरिकों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

झांकियों ने खींचा लोगों का ध्यान

26 जनवरी 2026 के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा सामाजिक जागरूकता एवं विकास पर आधारित भव्य झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इनमें कन्या भ्रूण हत्या निषेध, मनरेगा खेल मैदान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में आईसीटी का प्रयोग, भिक्षावृत्ति निवारण योजना, फार्मर रजिस्ट्री, नल-जल योजना, सक्षम आंगनवाड़ी, शराबबंदी के सकारात्मक प्रभाव, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, पंचायत सरकार भवन, सात निश्चय-3, सेक्स सॉर्टेड सीमेन एवं सड़क सुरक्षा जैसी योजनाओं को दर्शाया गया।

1001209871

उत्कृष्ट झांकी प्रस्तुतीकरण में प्रथम पुरस्कार शिक्षा विभाग, द्वितीय पुरस्कार परिवहन विभाग एवं तृतीय पुरस्कार ग्रामीण विकास विभाग को प्रदान किया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। बिहार सरकार की “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना के अंतर्गत खेल कोटा से चयनित रग्बी खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया, जिनमें सब जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ी शामिल रहे।

1001209988

सड़क सुरक्षा में सराहनीय भूमिका

परिवहन विभाग द्वारा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने में तत्परता दिखाने वाले राजेश कुमार एवं सुभाष कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सुधीर पांडेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद सदस्य श्रीमती रीना यादव, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती तनुजा कुमारी, बिहारशरीफ नगर निगम की मेयर श्रीमती अनीता देवी, उप मेयर आइसा शाहिन सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *