नालंदा में सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण संपन्न, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रतिमा विसर्जन जारी

0
Screenshot_20260125_203102_WhatsApp

बिहार शरीफ, नालंदा। जिले के सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में सरस्वती पूजा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होने के बाद रविवार को श्रद्धालुओं द्वारा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के उद्देश्य से जिले के सभी प्रमुख नदी, तालाब और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

प्रशासन द्वारा सुरक्षा के मद्देनज़र नदी एवं तालाबों में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है, ताकि प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो और श्रद्धालु सुरक्षित रूप से विसर्जन कार्य संपन्न कर सकें।

इधर बिहार शरीफ स्थित प्रसिद्ध कोसूत नदी घाट पर सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मौके पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। सुरक्षा कारणों से नदी के बीच जाकर प्रतिमा विसर्जन करने पर रोक लगाई गई है। पूर्व में मूर्ति विसर्जन के दौरान युवकों के डूबने की घटनाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

1001208773

घाट पर एनडीआरएफ की दो टीमें भी तैनात की गई हैं, जो लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमा विसर्जन कराने की व्यवस्था की गई है।

इस संबंध में दीपनगर थाना प्रभारी राजमणि ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन पूरी तरह प्रशासनिक निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विसर्जन कार्य के पूर्ण होने तक वे स्वयं स्थल पर मौजूद रहेंगे। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि श्रद्धालु उत्साह एवं उल्लास के साथ नियमों का पालन करते हुए प्रतिमा विसर्जन कर रहे हैं और अब तक किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *