माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल में चार दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ
नालंदा जिला स्थित माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल में आज चार दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव 2025 का उद्घाटन समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह खेल महोत्सव विद्यालय परिसर में 22, 23, 24 एवं 26 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, ऊर्जा और खेल भावना का प्रदर्शन होगा।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि धीरेंद्र कुमार (जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सह विशेष पॉक्सो न्यायाधीश, बिहारशरीफ, नालंदा), विशिष्ट अतिथि अभिषेक कुमार पांडेय (जेल अधीक्षक, दीप नगर, नालंदा) तथा विशेष अतिथि सुश्री कामना कुमारी (सामाजिक कार्यकर्ता) उपस्थित रहे। अतिथियों ने गुब्बारों और कबूतरों को उड़ाकर शांति, एकता और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया। इसके पश्चात रिबन काटकर एवं नारियल फोड़कर खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया।

मुख्य अतिथि श्री धीरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मसंयम, धैर्य और नियमों के पालन की भावना विकसित होती है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि अभिषेक कुमार पांडेय ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक मजबूती और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
विशेष अतिथि सुश्री कामना कुमारी ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा और खेल लड़कियों में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने छात्राओं को निडर होकर आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य शोभन वेणुगोपाल राव चक्राला ने अध्यक्षीय भाषण में सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल विद्यार्थियों के शैक्षणिक, शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को समान महत्व देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की।
उद्घाटन समारोह के साथ ही वार्षिक खेल महोत्सव 2025 की शानदार शुरुआत हुई। आगामी दिनों में आयोजित होने वाली विभिन्न रोमांचक खेल प्रतियोगितियां विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और उत्साह को प्रदर्शित करेंगी।
