राजगीर में सीएम नीतीश ने क्रिकेट स्टेडियम का किया भव्य उद्घाटन, बोले- अब सिर्फ जनता के लिए काम करेंगे

राजगीर (नालंदा) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा चुनाव से पहले अपने गृह जिला नालंदा पहुंचे और राजगीर में अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन किया। इससे पहले हिलसा के रामबाबू हाई स्कूल में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में सीएम ने लोगों को संबोधित किया।
सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार लगातार विकास की राह पर अग्रसर है और इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री के सहयोग से राज्य में अनेक विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। अब हम कभी इधर-उधर नहीं करेंगे। न बाएं जाएंगे, न दाएं। सिर्फ जनता के लिए काम करेंगे।
मुख्यमंत्री ने महागठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सत्ता में रहकर केवल निजी लाभ में जुटे थे। उन्होंने कहा, मैं सबके लिए काम करता हूं, लेकिन लालू परिवार सिर्फ अपने परिवार के लिए काम करता है। जब कुछ लोगों ने साथ रहकर भी गड़बड़ी की, तब हमने उनसे अलग होने का निर्णय लिया। सीएम ने राज्य सरकार की नई पहल का भी जिक्र किया और बताया कि राज्य की प्रत्येक पंचायत में विवाह मंडप का निर्माण किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यकर्ता संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की मुख्य कल्याणकारी योजनाओं जैसे जल जीवन हरियाली, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, सात निश्चय योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार को आत्मनिर्भर और आधुनिक राज्य बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि राजगीर में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन होना बिहार के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम में मंच पर राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री का काफिला हिलसा से रवाना होकर एकंगरसराय, इस्लामपुर और नीरपुर होते हुए राजगीर पहुंचा। रास्ते में कार्यकर्ताओं ने उन्हें गर्मजोशी से स्वागत किया। एकंगरसराय में रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था।
अत्याधुनिक राजगीर क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन समारोह के बाद लोगों ने इस आयोजन को बिहार के खेल और युवा विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया।