नालंदा में हॉर्न विवाद से फायरिंग, युवक घायल; मुखिया और समर्थक पर आरोप

अस्थावां (नालंदा) : हॉर्न बजाने के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया जब अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी। घटना में दोनों पैर में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान नंदलाल प्रसाद के पुत्र वेद प्रताप (32), के रूप में हुई है। मारपीट और रोड़ेबाजी में पीड़ित का भाई भी घायल हुआ।
वेद प्रताप ने बताया कि सुबह जिम जाने के लिए वह और उनका भाई घर से निकले थे। तभी रास्ते में सिकंदर यादव, जितेंद्र यादव और धर्मेंद्र यादव ने उन्हें घेर लिया। पहले रोड़ेबाजी की गई और फिर फायरिंग कर दी। एक गोली उनके पैर में लगी, और जब वह लड़खड़ाते हुए आगे बढ़े तो दूसरी गोली उनके दूसरे पैर में लगी। इसके बाद वे खून से लथपथ सड़क पर गिर पड़े।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार शाम को भी शुरू हुई थी। वेद प्रताप स्कॉर्पियो से घर लौट रहे थे और आरोपियों ने अपने घर के सामने गाड़ी खड़ी कर रखी थी। गाड़ी हटाने के लिए हॉर्न बजाने पर आरोपियों ने गुस्से में आकर स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ की और अगले दिन सुबह उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी।
घायल को पहले अस्थावां अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे बिहार शरीफ रेफर कर दिया। गोलीबारी का आरोप महमदपुर पंचायत के मुखिया और उनके समर्थकों पर लगाया जा रहा है।
अस्थावां थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि गाड़ी लगाने को लेकर शुक्रवार शाम को दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद शनिवार सुबह यह फायरिंग हुई। आरोपी फिलहाल गांव छोड़कर फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।