22 अगस्त को ऐतिहासिक होगी पीएम मोदी की रैली, भव्य तैयारी बैठक में जुटे भाजपा नेता-कार्यकर्ता

राजगीर (नालंदा) : आगामी 22 अगस्त को बोधगया के मगध विश्वविद्यालय मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा आयोजित होने जा रही है। इसको लेकर पूरे बिहार में भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को भाजपा की ओर से राजगीर प्रखंड के रटना खरजमा गांव में एक भव्य जनसभा और तैयारी बैठक का आयोजन किया गया।

सभा की अध्यक्षता भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष एवं जिला पार्षद सदस्य नूतन देवी ने की। कार्यक्रम में प्रदेश से लेकर जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के नेताओं व कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति रही। मंच को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के साथ नेताओं का स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती लाजवंती झा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार दौरा ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि 22 अगस्त को बोधगया के मगध विश्वविद्यालय मैदान में होने वाली विशाल जनसभा में लाखों लोगों की भागीदारी होगी। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने अपील की कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनसभा को सफल बनाने के लिए जी-जान से जुट जाए।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला और नौजवानों के लिए जो योजनाएँ चलाई गई हैं, वही आज जनता के बीच विश्वास का आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की लोकप्रियता और विकास कार्यों के बल पर भाजपा आने वाले चुनावों में और मजबूती के साथ जनता का समर्थन हासिल करेगी।
इस मौके पर क्षेत्रीय सह प्रभारी जितेन्द्र नीरज ने कहा कि बोधगया की जनसभा न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए संदेश देने वाली होगी। वहीं, जिला उपाध्यक्ष सुधीर सिंह, जिला मंत्री डॉ. प्रवीण कुमार और पूर्व जिला अध्यक्ष मुन्ना पासवान ने भी सभा को संबोधित किया।

सभा में महामंत्री रिंकू सिंह, संटु कुमार, मनीष सिंह, माला देवी, ममता देवी, मुन्ना साव, भीम पासवान, मुन्ना लाल, अशोक कुमार यादव, गीता देवी, राजीव कुमार, संजीव कुमार सिंह, कुंती देवी, अमर प्रकाश, अयांश कश्यप सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।

सभा के अंत में नूतन देवी ने सभी आगंतुक नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापन किया और कहा कि रटना खरजमा गांव की इस तैयारी बैठक से यह साफ हो गया है कि बोधगया में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगी।