नालंदा में ‘बिहार बदलाव संवाद’ सभा, जन सुराज नेता आरसीपी सिंह ने किया संबोधित

नालंदा। जन सुराज पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह सोमवार को अपने एक दिवसीय दौरे पर नालंदा पहुंचे। उन्होंने मोहनपुर में आयोजित ‘बिहार बदलाव संवाद’ जनसभा को संबोधित किया। यह सभा जन सुराज नेता प्रियदर्शी अशोक की अगुवाई में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए आरसीपी सिंह ने कहा, “हम सिर्फ सत्ता के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहे हैं। हमारा उद्देश्य जनता को जागरूक कर बिहार में एक पारदर्शी और जनहितकारी शासन की स्थापना करना है।”

उन्होंने कहा कि जन सुराज का मकसद जनता का राज स्थापित करना है और इसी सोच को लेकर प्रशांत किशोर की अगुवाई में ‘बिहार बदलाव यात्रा’ चलाई जा रही है। पार्टी हर जिले और प्रखंड में जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर रही है।
कार्यक्रम में आरसीपी सिंह ने पार्टी की नीतियों, भविष्य की योजनाओं और संगठन के विजन को विस्तार से रखा। उन्होंने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में जन सुराज को विकल्प के रूप में देखने की अपील की।

सभा का संचालन अमित पासवान ने किया। मौके पर जन सुराज के जिलाध्यक्ष अरविंद प्रसाद, अभियान समिति संयोजक संजीव कुमार, प्रियदर्शी अशोक, विपिन यादव, कमलेश पासवान, इंद्रदेव कुशवाहा सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
