बिजली तार चोरी के मुख्य सरगना अमित कुमार गिरफ्तार, लंबे समय से थी पुलिस को तलाश

नालंदा (बिहार) : रहुई थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 से लगातार कृषि पटवन के लिए बिछाए गए बिजली तारों की चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह के मुख्य सरगना अमित कुमार को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को नावकोठी थाना (बेगूसराय) पुलिस के सहयोग से 13 जून 2025 को पकड़ा गया।
घटनाओं की थी लम्बी श्रृंखला
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में रहुई थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा कृषि पटवन के बिजली तारों को काटकर चोरी करने की कई घटनाएं सामने आई थीं। मामले में रहुई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 मार्च 2024 को चोरी के तार और अन्य सामानों के साथ सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया था।
हालांकि, गिरोह का मुख्य सरगना अमित कुमार घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
गिरोह का सरगना बेगूसराय से पकड़ा गया
अमित कुमार, पिता दिलीप महतो, ग्राम पहसारा, थाना नावकोठी, जिला बेगूसराय का रहने वाला है। पुलिस ने उसे नावकोठी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अमित कुमार ने नालंदा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अपने गिरोह के साथ कृषि पटवन के लिए बिछाए गए बिजली तारों की चोरी की बात कबूल की है। पुलिस द्वारा अमित कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
अमित कुमार पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें रेलवे सुरक्षा बल, रहुई थाना और नूरसराय थाना के केस शामिल हैं। आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुख्य मामले निम्नलिखित हैं:
- रेलवे सुरक्षा बल थाना, बख्तियारपुर कांड संख्या 11/23, दिनांक 05.12.2023, धारा 3 RCUP एक्ट।
- रहुई थाना कांड संख्या 17/24, दिनांक 09.01.2024, धारा 379 भा.दं.वि.।
- रहुई थाना कांड संख्या 48/24, दिनांक 30.01.2024, धारा 379 भा.दं.वि.।
- रहुई थाना कांड संख्या 85/24, दिनांक 15.02.2024, धारा 136 भारतीय विद्युत अधिनियम 2003।
- रहुई थाना कांड संख्या 141/24, दिनांक 15.03.2024, धारा 414 भा.दं.वि. एवं आर्म्स एक्ट व NDPS एक्ट।
- नूरसराय थाना कांड संख्या 58/24, दिनांक 08.02.2024, धारा 136/140 विद्युत अधिनियम।
- नूरसराय थाना कांड संख्या 67/24, दिनांक 14.02.2024, धारा 136/140 विद्युत अधिनियम।
छापेमारी टीम की सराहनीय भूमिका
इस गिरफ्तारी में रहुई थाना के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० कुणाल कुमार के नेतृत्व में पु०अ०नि० राजकुमार चौधरी, सिपाही राजू कुमार और सिपाही रंजीत कुमार ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस टीम की तत्परता से इस संगठित गिरोह के मुख्य सरगना की गिरफ्तारी संभव हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि आगे की पूछताछ में और भी कई खुलासे हो सकते हैं।