बिहार प्रतिभा सम्मान: शिक्षा क्षेत्र में अजय कुमार का योगदान सराहनीय

बिहार शरीफ (नालंदा) : बिहारशरीफ में आयोजित बिहार प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अजय कुमार की भूमिका ने सबका ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान अजय कुमार ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि सम्मान केवल कोई भौतिक वस्तु नहीं, बल्कि एक गहरा एहसास है जो व्यक्ति को समाज सेवा के लिए और अधिक प्रेरित करता है।
अजय कुमार, आर. जी. एल. उच्च विद्यालय, छबीलापुर (बिहारशरीफ) में शिक्षक सह मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है और समाज में सकारात्मक प्रभाव डाला है। उन्होंने कार्यक्रम में आरोग्य गुरु राष्ट्रीय हिंदी मासिक स्वास्थ्य पत्रिका की प्रगति की कामना की और समाज के सभी विद्वानों को प्रेरणास्रोत बताया।
बिहार प्रतिभा सम्मान समारोह में अजय कुमार ने कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे आयोजन समाज के उत्कृष्ट व्यक्तियों को सम्मानित करने के साथ-साथ समाज हित में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह की एक विशेष प्रस्तुति जादूगर एम. के. गोगा की जादूगरी रही, जिसने उपस्थित दर्शकों को खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में करीब 70 बिहार विभूतियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मंच संचालन की जिम्मेदारी नवनीत कृष्ण और बिहारी भैया ने संभाली।
कार्यक्रम के अंत में संचालक सौरभ कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। अजय कुमार की भागीदारी और विचारों ने इस आयोजन को और अधिक प्रभावशाली और प्रेरणादायक बना दिया।