पागल कुत्ते के हमले से 40 से अधिक मवेशी घायल: ग्रामीणों ने घेरकर मारा, प्रशासन ने शुरू की वैक्सीनेशन और जांच

0
maveshi

नालंदा जिले के सिलाव प्रखंड के तुलसी बिगहा गांव में मंगलवार देर रात एक पागल कुत्ते के हमले से दहशत फैल गई। इस हमले में 40 से अधिक पालतू मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार रात करीब 3 बजे एक संदिग्ध पागल कुत्ता खूंटे से बंधे मवेशियों पर टूट पड़ा। मवेशियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण जाग गए और घेराबंदी कर कुत्ते को मार दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग की टीम और प्रखंड विकास पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। टीवीओ डॉ. अशोक कुमार और एमवीयू डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में घायल मवेशियों का प्राथमिक उपचार किया गया और सभी को आवश्यक वैक्सीन दी गई। जिला पशु चिकित्सा पदाधिकारी रमेश कुमार ने हालात का जायजा लेकर चिकित्सकों को तत्काल इलाज के निर्देश दिए।

घटना से प्रभावित पशुपालकों में जितेंद्र कुमार, कारू कुमार और सुजीत बिंद ने बताया कि घटना के समय सभी मवेशी खूंटे से बंधे हुए थे। अचानक हुए हमले से भारी नुकसान हुआ।

ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नगर पंचायत सिलाव द्वारा गांव के पास अवैध रूप से कचरा डंप किया जा रहा है, जिससे आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ गई है। दूषित भोजन के सेवन के कारण कुत्तों के आक्रामक होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रह्लाद कुमार ने बताया कि इस घटना में करीब 50 मवेशी घायल हुए हैं और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है।

नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सुश्री भावना ने स्वीकार किया कि कचरे का अवैध डंपिंग गैरकानूनी है। उन्होंने स्वच्छता पदाधिकारी अंजली राज को मामले की जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि कचरे की दुर्गंध न केवल उनकी दिनचर्या को प्रभावित कर रही है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल रही है।

1000440444 2

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *