नाई संघ के पूर्व महासचिव दिनेश कुमार शर्मा के असामयिक निधन पर शोक सभा आयोजित

0
nai

बिहारशरीफ : भारतीय नाई संघ (ट्रेड यूनियन) की ओर से नाई संघ के पूर्व महासचिव स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा के असामयिक निधन पर संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सोहसराय में शोक सभा आयोजित की गई। सभा में संघ के नेताओं और सदस्यों ने स्वर्गीय शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा लंबे समय से नाई संघ के सक्रिय सदस्य और पूर्व महासचिव के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने नाई समाज की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका निधन संघ के लिए अपूरणीय क्षति है।

सभा को संबोधित करते हुए संघ के संयोजक और समाजसेवी राकेश बिहारी शर्मा ने बताया कि स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा ने 1994 में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के माध्यम से शिक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। वे वर्तमान में मध्य विद्यालय बेलौर के प्रधानाध्यापक थे। वे न केवल नाई समाज के लिए बल्कि सभी जातियों के आर्थिक रूप से कमजोर और गरीब तबकों के लिए भी समर्पित थे। उनका जीवन और कृतित्व समाज के लिए अनुकरणीय है।

nai sangh

शिक्षक विनय कुमार आलोक ने कहा कि स्वर्गीय शर्मा संघर्षशील और जुझारू प्रवृत्ति के शिक्षक थे। उनका निधन न केवल नाई समाज बल्कि पूरे शिक्षक समुदाय के लिए भी बड़ी क्षति है। वे शिक्षा और समाज सुधार के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उनका निधन 14 जनवरी 2025 को हृदय गति रुक जाने के कारण हुआ।

माले नेता मकसूदन शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा चरित्रवान, कर्मयोगी और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक थे। उन्होंने नाई समाज में शिक्षा का अलख जगाने और सामाजिक सुधार के लिए आजीवन कार्य किया। उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणादायक है।

संघ के महासचिव परमेन्द्र शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा का व्यवहार अत्यंत सौम्य और विनम्र था। नाई समाज में उनका बहुत सम्मान था। उनका निधन समाज के लिए एक गहरा शून्य छोड़ गया है।

शोक सभा में संघ के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता, और समाज के गणमान्य लोगों ने दिवंगत दिनेश कुमार शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही, उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रंजीत कुमार अकेला, सूचना मंत्री राजेश कुमार ठाकुर, मुन्ना शर्मा, पप्पू शर्मा, जिला सचिव जनार्दन ठाकुर, जिला सलाहकार सुधीर कुमार शर्मा, पिंटू कुमार, गुलशन ठाकुर, रामेश्वर ठाकुर, विक्रम कुमार, लक्ष्मण शर्मा, संतोष कुमार, शैलेंद्र शर्मा, कृष्ण ठाकुर, उमेश ठाकुर, सुरेंद्र प्रसाद सहित कई संघ के सक्रिय सदस्य उपस्थित थे।

स्वर्गीय दिनेश कुमार शर्मा अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका असामयिक निधन सभी के लिए अपूरणीय क्षति है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *