जदयू ने अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित, नीलम देवी पर भी कार्रवाई

0
IMG-20261024-WA0087

बिहार प्रदेश जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह को छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही उनकी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है। वहीं, पूर्व विधायक नीलम देवी को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप में छह वर्षों के लिए निष्कासित करते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी गई है।
जदयू के प्रदेश कार्यालय की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, अनंत कुमार सिंह पर पिछले कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अमर्यादित एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने तथा हाल ही में संपन्न विधान परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के विरुद्ध काम करने का आरोप लगाया गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि उन्होंने दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया था।
पार्टी ने इन गतिविधियों को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए अनंत सिंह के खिलाफ यह कार्रवाई की है। साथ ही, जदयू ने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता अविलंब रद्द करने की अनुशंसा भी की है।
वहीं, पूर्व विधायक नीलम देवी पर दलविरोधी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप लगाते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी गई है। उन्हें भी छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।
जदयू के इस फैसले को पार्टी के भीतर अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने के संबंध में अंतिम निर्णय विधानसभा अध्यक्ष को संवैधानिक प्रक्रिया के तहत लेना होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *