सवारी बैठाने के विवाद में रिक्शा चालक की पीट-पीटकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0
WhatsApp Image 2026-10-15 at 9.56.31 PM

बिहारशरीफ में 13 अक्टूबर को हुई थी मारपीट, इलाज के दौरान 15 अक्टूबर को घायल वली आलम ने तोड़ा दम; बेटी ने आरोपी को फांसी देने की मांग की

बिहारशरीफ, नालंदा। बिहारशरीफ में सवारी बैठाने और रिक्शा लगाने को लेकर हुए विवाद में एक रिक्शा चालक की मौत हो गई। बिहार थाना क्षेत्र के छज्जू मोहल्ला निवासी वली आलम (रिक्शा चालक) के साथ 13 अक्टूबर को मारपीट की गई थी। गंभीर रूप से घायल वली आलम ने 15 अक्टूबर को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, वली आलम का विवाद नई सराय निवासी दूसरे रिक्शा चालक मनोज उर्फ पप्पू से नई सराय मोड़ पर रिक्शा लगाने और सवारी बैठाने को लेकर हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मनोज ने पीछे से वली आलम के सिर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके कान और सिर से खून बहने लगा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां आईसीयू में भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सदर अस्पताल परिसर में मृतक की बेटी लाडली परवीन और परिजन गुलनाज परवीन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे लोग मौके पर पहुंचे थे। उस समय वली आलम के सिर और कान से खून बह रहा था। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। बेटी ने बताया कि परिवार में कोई बेटा या कमाने वाला दूसरा सहारा नहीं है। उनके पिता सीधे-साधे इंसान थे। उन्होंने कहा कि परिवार को मुआवजा नहीं, बल्कि आरोपी के लिए फांसी की सजा चाहिए, ताकि भविष्य में किसी दूसरे परिवार के साथ ऐसी घटना न हो।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, धाराएं बढ़ाने की प्रक्रिया जारी

बिहार थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि घटना के दिन नई सराय मोड़ पर रिक्शा लगाने और पैसेंजर बैठाने को लेकर दो चालकों के बीच मारपीट हुई थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इलाज के दौरान वली आलम की मौत होने के बाद मामले में अग्रिम धाराएं जोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुख्य आरोपी मनोज उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *