दुर्गापूजा को लेकर बिहारशरीफ में फ्लैग मार्च, डीएम-एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

0
WhatsApp Image 2026-10-16 at 12.07.35 AM

पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी रहे शामिल, संवेदनशील स्थानों पर रहेगी विशेष निगरानी; अफवाहों से दूर रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील

बिहारशरीफ, नालंदा। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को बिहारशरीफ में जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें डीएम उदिता सिंह, एसपी हृदयकांत, डीडीसी सारा अशरफ और नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल हुए। फ्लैग मार्च में पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने भी हिस्सा लिया। इसके माध्यम से प्रशासन ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया।

फ्लैग मार्च की शुरुआत अस्पताल चौक से हुई। इसके बाद अधिकारियों और जवानों का दल रांची रोड समेत शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान पुलिस बल की व्यापक मौजूदगी के जरिए शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। डीएम उदिता सिंह ने फ्लैग मार्च के दौरान विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने पूजा समितियों से तैयारियों की जानकारी ली और पर्व के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

डीएम और एसपी ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की जाएगी तथा पुलिस बल के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की भी तैनाती रहेगी। पूजा समितियों को सतर्कता बरतने, आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने आम लोगों से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ दुर्गापूजा मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि लोग किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही, पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

फ्लैग मार्च के दौरान एसडीओ किसलय श्रीवास्तव, डीएसपी अमरनाथ, थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय समेत अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *