कल्याण बिगहा इंडोर शूटिंग रेंज में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय शूटिंग टूर्नामेंट 2026 आयोजित

0
WhatsApp Image 2026-10-13 at 5.44.06 PM

10 मीटर एयर पिस्टल और एयर राइफल स्पर्धा में एएन कॉलेज बना विजेता, जीडीएम कॉलेज हरनौत उपविजेता

हरनौत प्रखंड अंतर्गत कल्याण बिगहा गांव स्थित इंडोर शूटिंग रेंज में मंगलवार को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय शूटिंग टूर्नामेंट 2026 का आयोजन किया गया। बख्तियारपुर स्थित आरएलएसवाई कॉलेज के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले 10 महाविद्यालयों के कुल 27 निशानेबाजों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाओं में अपनी निशानेबाजी का कौशल दिखाया।प्रतियोगिता में जीडीएम कॉलेज हरनौत, आरपीएस कॉलेज हरनौत, नालंदा कॉलेज बिहारशरीफ, पटना के एएन कॉलेज, बीडी कॉलेज, एलपी शाही कॉलेज, एसजीजीएस कॉलेज और आरकेडी कॉलेज सहित कुल 10 महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस तरह के आयोजन से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निशानेबाज अब विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

एयर पिस्टल स्पर्धा में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

10 मीटर एयर पिस्टल के पुरुष वर्ग में विक्की ने प्रथम, पीयूष ने द्वितीय और गौतम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में ऋषिका प्रथम, नेहा द्वितीय और ज्योति तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

एयर राइफल में रुद्र प्रताप ने हासिल किया पहला स्थान

10 मीटर एयर राइफल के पुरुष वर्ग में रुद्र प्रताप ने प्रथम, सचिन ने द्वितीय और अर्णव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में एकमात्र प्रतिभागी कुमकुम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।टीम स्पर्धा में 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर राइफल, दोनों वर्गों में एएन कॉलेज की टीम विजेता रही, जबकि जीडीएम कॉलेज हरनौत की टीम उपविजेता बनी।

मेडल और ट्रॉफी देकर खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिता के बाद आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आयोजक कॉलेज आरएलएसवाई कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कुमार चंद्रदीप तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कल्याण बिगहा शूटिंग रेंज के प्रभारी उमेश पासवान उपस्थित रहे। अतिथियों ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले निशानेबाजों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना चाहिए। निशानेबाजी ऐसा खेल है, जिसमें शारीरिक क्षमता से अधिक एकाग्रता, संतुलन, मानसिक स्थिरता, धैर्य और सटीकता की आवश्यकता होती है। एक कुशल निशानेबाज बनने के लिए वर्षों तक अनुशासित अभ्यास करना पड़ता है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। मौके पर प्रशिक्षक लक्ष्मी शंकर उज्जैन, तकनीकी पदाधिकारी बिट्टू, स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. सूर्यनारायण, टीम मैनेजर डॉ. राजेश निलेश ,श्रवण सहित विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *