राजगीर में रणजी का धमाकेदार आगाज, रिंकू सिंह और माधव कौशिक के शतकों से यूपी का पलड़ा भारी

0
WhatsApp Image 2026-10-12 at 7.03.27 AM

नवनिर्मित स्टेडियम में पहली बार रणजी ट्रॉफी का रोमांच, बिहार के गेंदबाजों पर भारी पड़े रिंकू-माधव; पहले दिन यूपी ने बनाए 287 रन

राजगीर (नालंदा)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी की ओर कदम बढ़ा रहे राजगीर के नवनिर्मित खेल स्टेडियम में शुक्रवार को रणजी ट्रॉफी का ऐतिहासिक आगाज हुआ। बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच 2026-27 सत्र के एलीट ग्रुप मुकाबले के पहले दिन भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और माधव कौशिक के बल्ले से निकले शानदार शतकों ने मैच का रोमांच बढ़ा दिया। शुरुआती झटकों के बावजूद उत्तर प्रदेश ने शानदार वापसी करते हुए पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 84 ओवर में तीन विकेट पर 287 रन बना लिए। माधव कौशिक 124 और रिंकू सिंह 109 रन बनाकर क्रीज पर डटे रहे। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 200 रनों की नाबाद साझेदारी हो चुकी है।

शुरुआती झटकों के बाद रिंकू-माधव का पलटवार

टॉस जीतकर बिहार ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शुरुआत में बिहार के गेंदबाजों ने उत्तर प्रदेश के तीन बल्लेबाजों को 13-13 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजकर अपनी पकड़ मजबूत की। हालांकि, इसके बाद मैच की तस्वीर बदल गई। माधव कौशिक और भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रिंकू सिंह ने मोर्चा संभालते हुए बिहार के गेंदबाजों की चुनौती का डटकर सामना किया।

WhatsApp Image 2026 10 12 at 7.03.26 AM

माधव कौशिक ने 252 गेंदों पर नाबाद 124 रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया, जबकि रिंकू सिंह ने 164 गेंदों में नाबाद 109 रन ठोक दिए। दोनों बल्लेबाजों ने विकेट बचाने के साथ रन बनाने की रफ्तार भी बनाए रखी। उनकी अटूट साझेदारी ने उत्तर प्रदेश को पहले दिन मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

सूरज कश्यप की गेंदबाजी चमकी

बिहार की ओर से स्पिनर सूरज कश्यप ने सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने 26 ओवर में 44 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वहीं, रणजी ट्रॉफी में पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज मो. इजहार ने 14 ओवर में 64 रन खर्च किए। बिहार के कप्तान ने सात गेंदबाजों को आजमाया, लेकिन रिंकू सिंह और माधव कौशिक की जोड़ी को तोड़ने में सफलता नहीं मिली।

राजगीर के लिए बड़ी उपलब्धि, आईपीएल की उम्मीद जगी

राजगीर में पहली बार रणजी ट्रॉफी मुकाबले का आयोजन खेल के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के मीडिया मैनेजर अभिषेक तिवारी ने कहा कि नया मैदान दोनों टीमों के लिए चुनौतीपूर्ण था। पिच के व्यवहार को समझना आसान नहीं था, लेकिन सूरज कश्यप की गेंदबाजी शानदार रही। पिच पर स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने के संकेत भी मिले। उन्होंने शतक लगाने वाले रिंकू सिंह और माधव कौशिक को बधाई दी।

WhatsApp Image 2026 10 12 at 7.03.26 AM 2

अभिषेक तिवारी ने कहा कि बीसीसीआई के टूर्नामेंट की मेजबानी मिलना राजगीर के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे संकेत मिलता है कि मैदान और पिच निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं। हालांकि, स्टेडियम का भवन अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है और फिलहाल दर्शकों के प्रवेश की व्यवस्था भी नहीं है। इसके बावजूद बिहार सरकार ने क्रिकेट के लिए बेहतर मैदान उपलब्ध कराया है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा होने और आवश्यक सुविधाएं विकसित होने के बाद राजगीर में आईपीएल तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन भी हो सकेगा। रणजी ट्रॉफी के इस मुकाबले ने राजगीर को क्रिकेट के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की उम्मीदों को नई उड़ान दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *