दुर्गापूजा को लेकर हिलसा में फ्लैग मार्च, डीजे बजाने पर होगी कार्रवाई
हिलसा, नालंदा। दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को हिलसा नगर क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की ओर से संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया। अनुमंडल पदाधिकारी अमित पटेल एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार के संयुक्त नेतृत्व में निकले इस फ्लैग मार्च के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। साथ ही असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सख्त चेतावनी दी गई।
फ्लैग मार्च में प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी, हिलसा थानाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल और त्वरित कार्य बल (क्यूआरटी) के जवान शामिल हुए। मार्च शहर के मुख्य बाजार, सिनेमा मोड़, स्टेशन रोड, विभिन्न पूजा पंडालों और संवेदनशील मार्गों से होकर गुजरा।
इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक और उपद्रवी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर डीजे जब्त करने के साथ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को पंडालों में धूम्रपान निषेध क्षेत्र का प्रावधान सुनिश्चित करने, प्रतिमा की ओर केंद्रित सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अग्निशमन उपकरणों को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया। वहीं, तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों की निगरानी भी साइबर सेल और पुलिस द्वारा की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने नागरिकों, शांति समिति के सदस्यों और पूजा समितियों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ दुर्गापूजा मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
