ट्रक के धक्के से टेम्पो सवार 3 लोगों की मौत, सड़क जाम,7 लोग गंभीर रूप से हुए जख्मी, दो को किया गया रेफर
ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक राजगीर-खुदागंज मार्ग को रखा जामराजगीर से कुंड स्नान के बाद टेम्पो से घर लौट रहा था परिवार
राजगीर(नालंदा)। छबिलापुर थाना क्षेत्र के राजगीर-इस्लामपुर स्टेट हाइवे पर साइडपर गांव के पास रविवार को अनियंत्रित ट्रक के धक्के से सीएनजी टेम्पो पर सवार तीन लोगों की मौत हो गयी। वहीं सात अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये। इनमें से दो को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर किया गया है। सभी एक ही परिवार के हैं और राजगीर से कुंड स्नान के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। हादसे से नाराज लोगों ने करीब दो घंटे तक सड़क को जाम कर दिया। बाद में अधिकारियों ने समझा-बुझाकर जाम हटवाया। मृतकों में खुदागंज थाना क्षेत्र के कोचरा निवासी 25 वर्षीय गुड्डू कुमार, गया जिले के चाकंद थाना क्षेत्र के गन्नू बिगहा गांव की 60 वर्षीया रानी देवी व छह वर्षीय शिवानी कुमारी शामिल थे। घायलों में गन्नू बिगहा की 32 साल की पूजा कुमारी, तीन साल का अंकुश कुमार, 35 साल का राजकिशोर रविदास, कोचरा गांव की 19 साल की गौरी कुमारी, 10 साल की चंद्रमुखी कुमारी, सात साल की चांदो कुमारी व 55 साल की झयमुन्नी देवी शामिल है। इनमें से दो को रेफर किया गया है। पूरा परिवार शनिवार को राजगीर गया था। रविवार को कुंड स्नान के बाद सभी घर लौट रहे थे। टेम्पो पर महिलाओं, बच्चों और चालक समेत 15 लोग सवार थे। केके पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास पहुंचते ही ट्रक से टेम्पो की आमने-सामने की टक्कर हो गयी। टेम्पो के परखच्चे उड़ गये। घायलों की चीख-पुकार सुनकर लोग पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकत्सिक ने तीन को मृत घोषित कर दिया। पांच लोगों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों व परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण चालक को गिरफ्तार करने व तत्काल मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सूचना पाकर पहुंचे राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। ट्रक के नंबर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
