बिहार में ₹51,600 करोड़ के निवेश का एमओयू, राज्य को स्टील हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले- टेक्सटाइल, न्यूक्लियर और फार्मा सेक्टर को मिलेगी विशेष प्राथमिकता, युवाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
पटना। बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया गया। लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में उद्योग विभाग और विभिन्न औद्योगिक समूहों के बीच लगभग ₹51,600 करोड़ के निवेश से संबंधित एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बिहार को देश के प्रमुख स्टील हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्टील एवं मेटल सेक्टर में बड़े निवेश को प्रोत्साहित कर राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति दी जाएगी, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टेक्सटाइल, न्यूक्लियर और फार्मा जैसे प्रमुख क्षेत्रों को भी विशेष प्राथमिकता दे रही है। इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से उद्योगों का विस्तार होगा और राज्य के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने निवेशकों से बिहार में निवेश बढ़ाने का आह्वान करते हुए Build and Believe in Bihar का मंत्र दोहराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के विश्वास को मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है तथा सभी औद्योगिक परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
सरकार का मानना है कि इस निवेश से बिहार में औद्योगिक माहौल और मजबूत होगा, नए उद्योग स्थापित होंगे तथा राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन को नई दिशा मिलेगी।
