पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 2.5 लाख उपभोक्ताओं के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना कार्य का शुभारंभ
पटना, 14 जून। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत आगामी 20 नवंबर तक ढाई लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से समयबद्ध तरीके से कार्य करने और अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सोलर पैनलों से 125 यूनिट से अधिक उत्पादित होने वाली बिजली को राज्य सरकार खरीदेगी। इससे न केवल लोगों की बिजली संबंधी जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर वे आर्थिक रूप से भी सशक्त बन सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाए जिससे सरकार के वर्तमान कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने तक, यानी 20 नवंबर 2027 तक राज्य के 25 लाख घरों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि बिहार देश का ऐसा राज्य है, जहां विद्युत उपभोक्ताओं को सबसे अधिक लगभग 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही बिहार देश के उन राज्यों में शामिल है, जहां उपभोक्ताओं को सबसे सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण तथा लोगों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
