मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 का किया शुभारंभ, किसान जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी

0
WhatsApp Image 2026-06-15 at 6.41.11 AM

पटना, 14 जून। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर राज्य के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने अभियान के तहत तैयार किए गए दो कृषि ज्ञान वाहनों सहित सभी जिलों में भेजे जाने वाले किसान जागरूकता वाहनों को रवाना किया। इन वाहनों के माध्यम से किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण बीजों, उर्वरकों के संतुलित उपयोग, कीट प्रबंधन तथा सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को अधिक समृद्ध एवं आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। किसान जागरूकता वाहनों के माध्यम से कृषि संबंधी नवीनतम जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी, जिससे किसान वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकेंगे।

शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 के तहत कृषि विभाग द्वारा राज्यभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण शिविर एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसान आधुनिक कृषि तकनीकों से लाभान्वित हो सकें।

कार्यक्रम में कृषि विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *