मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विष्णुपद मंदिर में की पूजा-अर्चना, टेंट सिटी का किया उद्घाटन
गया, 25 सितंबर 2026। पितृपक्ष मेला के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने गया स्थित विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। इस दौरान उन्होंने देव घाट का निरीक्षण कर पितृपक्ष मेला में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और टेंट सिटी का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गयाजी पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विष्णुपद कॉरिडोर के विकास पर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कुल 3,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें 2,500 करोड़ रुपये कॉरिडोर के लिए प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि गयाजी को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके तहत दरभंगा एवं पूर्णिया एयरपोर्ट के माध्यम से कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ खाड़ी देशों, थाईलैंड एवं विश्व के अन्य प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क स्थापित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से अपील करते हुए कहा कि पितृपक्ष मेला में गयाजी आने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का पूरे सम्मान और आत्मीयता के साथ स्वागत करें। उन्होंने कहा कि अतिथियों को बिहार की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य का सुखद अनुभव मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
