छोटे यादव हत्याकांड का खुलासा, अप्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार

0
WhatsApp Image 2026-09-21 at 6.09.29 AM

₹2 लाख से अधिक की बकाया राशि को लेकर था विवाद, हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा बरामद

बिहारशरीफ, 20 सितंबर। छबिलापुर थाना क्षेत्र के केशरी बिगहा गांव निवासी छोटे यादव हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए एक अप्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे दो लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है।

बताया जाता है कि 12 जुलाई 2026 को केशरी बिगहा निवासी छोटे यादव, पिता साजो यादव की हत्या कर दी गई थी। मामले में छबिलापुर थाना कांड संख्या 117/26 दर्ज कर धारा 103(1)/3(5) BNS एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार मामले के अनुसंधान और अभियुक्त की गिरफ्तारी में जुटी थी।

इसी दौरान 19 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर छबिलापुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केशरी बिगहा निवासी सुजीत कुमार (28), पिता स्व. रतन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अनुसंधान में सामने आया कि मृतक और गिरफ्तार अभियुक्त के बीच पहले से परिचय था। दोनों के बीच दो लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि को लेकर विवाद और अनबन चल रही थी। इसी विवाद के क्रम में हत्या की घटना को अंजाम दिए जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात कही गई है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा बरामद किया गया। बरामद हथियार के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी टीम में छबिलापुर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० अनोज कुमार पाठक, अपर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० उत्तम कुमार झा, स०अ०नि० राजेश कुमार, सशस्त्र बल तथा STF की टीम शामिल रही।

पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य तथ्यों का सत्यापन और आगे का अनुसंधान जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *