नशे में हुआ विवाद बना मौत की वजह: दोस्त ने दोस्त की पीट-पीटकर हत्या की, पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी दबोचा

0
IMG-20260316-WA0131

रानी सिन्हा की रिपोर्ट

इस्लामपुर (नालंदा)। इस्लामपुर थाना पुलिस ने युवक की हत्या के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए हिलसा जेल भेज दिया है। मामले की जानकारी हिलसा-2 इस्लामपुर के पुलिस उपाधीक्षक कुमार ऋषि राज ने सोमवार को इस्लामपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

डीएसपी कुमार ऋषि राज ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि इस्लामपुर नगर के केवई रोड के पूरब पईन के किनारे एक लगभग 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में मृतक की पहचान इस्लामपुर नगर के दक्षिणी मलहविगहा मोहल्ला निवासी मो. शमीम उर्फ फेंकू मियां के पुत्र मो. फैजान के रूप में हुई।

घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने उसके ही दोस्त मो. अजहर अंसारी उर्फ उद्दीन पर हत्या का आरोप लगाते हुए इस्लामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मलहविगहा मोहल्ला में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह मो. फैजान को उसके घर से बुलाकर ले गया था। दोनों साथ बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान मो. फैजान गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को केवई रोड के पास पईन के किनारे फेंक दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दक्षिणी मलहविगहा मोहल्ला निवासी मो. महफूज आलम के पुत्र मो. अजहर अंसारी उर्फ उद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए हिलसा जेल भेज दिया है।

इस कांड के उद्भेदन में इस्लामपुर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, अपर थानाध्यक्ष रामकुमार पाल, पुलिस अवर निरीक्षक रामानुज सिंह सहित अन्य सशस्त्र बल के जवानों की अहम भूमिका रही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *