बिहार के जनप्रतिनिधियों को AI तकनीक से जोड़ा जाएगा, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ
मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के लिए प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल लॉन्च, बोले- AI से बढ़ेगी पारदर्शिता और विकास कार्यों की गुणवत्ता
पटना। बिहार विधान सभा के विस्तारित भवन में शुक्रवार को बिहार विधान मंडल के सदस्यों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के संवेदीकरण एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत परियोजना निगरानी प्रणाली (Project Monitoring System) वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल तकनीक का उपयोग बिहार के विधायकों एवं विधान पार्षदों के क्षमता विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से विकास योजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी होगी तथा कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तकनीक आधारित सुशासन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। AI और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी आसान होगी और जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्रों की योजनाओं की अद्यतन जानकारी समय पर उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने कार्यों में AI, कंप्यूटर और डिजिटल तकनीकों का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि विधायकों, विधान पार्षदों और उनके सहयोगियों को समय-समय पर AI, कंप्यूटर एवं सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर जनता की सेवा और विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि तकनीक आधारित यह पहल बिहार में सुशासन को और मजबूत करेगी तथा विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, दक्षता और प्रभावशीलता को नई दिशा देगी।
