सुरजपुर में पांच घरों में हुई चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार, एक फरार
एसआईटी की कार्रवाई में 15,600 रुपये बरामद, कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता का खुलासा
शंकर कुमार की रिपोर्ट
बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा थाना क्षेत्र के सुरजपुर गांव में एक ही रात पांच घरों में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 15,600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार 5 और 6 जून की मध्यरात्रि को सुरजपुर गांव के पांच घरों में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर नकदी, जेवरात, मोबाइल और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली थी। घटना के बाद नालंदा थाना में कांड संख्या 131/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजगीर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि सुरजपुर निवासी रित्विक प्रखर उर्फ अप्पा ने चोरी के लिए गांव के घरों की रेकी कर उन्हें चिन्हित किया था। इसके बाद उसने अपने सहयोगी अभिषेक कुमार और श्याम उपाध्याय को राजगीर से बुलाया। दोनों ने रात के अंधेरे में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद बेगमपुर निवासी सकलदीप कुमार ने अपनी मोटरसाइकिल से अभिषेक कुमार और रित्विक प्रखर उर्फ अप्पा को नवादा पहुंचाने में मदद की, जबकि श्याम उपाध्याय राजगीर लौट गया। श्याम उपाध्याय फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने सुरजपुर में हुई चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही उन्होंने नालंदा थाना क्षेत्र के सुरजपुर और सारिलचक में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं तथा राजगीर थाना क्षेत्र में घटित कुछ अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस इन मामलों में भी आगे की कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में नई पोखर, राजगीर निवासी 20 वर्षीय अभिषेक कुमार, बेगमपुर नाथाचक निवासी 20 वर्षीय सकलदीप कुमार तथा जुआफर निवासी रित्विक प्रखर उर्फ अप्पा शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 15,600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभिषेक कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ नालंदा और राजगीर थाना में पूर्व से कई मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, मारपीट, एससी-एसटी एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
घटना के सफल उद्भेदन में अंचल निरीक्षक संजय कुमार, डीआईयू प्रभारी आलोक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, सिलाव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, सहायक अवर निरीक्षक चंद्रभूषण पांडेय तथा पुलिस अवर निरीक्षक विवेकानंद समेत एसआईटी के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी गहन जांच जारी है।
