स्वास्थ्य और विकास कार्यों में नालंदा बना मिसाल, संस्थागत प्रसव में 82 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बिहार में अव्वल : उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी
बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा जिले में विकास कार्यों की रफ्तार संतोषजनक है। खासकर स्वास्थ्य क्षेत्र में जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे बिहार में मिसाल कायम की है। संस्थागत प्रसव (अस्पताल में डिलीवरी) के मामले में नालंदा 82 प्रतिशत उपलब्धि के साथ राज्य में पहले स्थान पर पहुंच गया है।
यह बातें शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित हरदेव भवन में आयोजित ‘जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति’ की बैठक के बाद सूबे के उपमुख्यमंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी ने प्रेस वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने जिले में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि अब अस्पतालों के प्रवेश द्वार पर बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। इन बोर्डों पर यह जानकारी उपलब्ध रहेगी कि किस दिन और किस समय किस डॉक्टर की ड्यूटी निर्धारित है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को यह जानने में आसानी होगी कि संबंधित डॉक्टर ड्यूटी पर मौजूद हैं या नहीं।
डिप्टी सीएम ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई चिकित्सक बिना पूर्व अनुमति या उचित कारण के ड्यूटी से अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य के लिए जिलाधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई भी दी।

बैठक के दौरान बाढ़ एवं सुखाड़ की संभावित स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्री-मानसून की अच्छी बारिश किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी और धान का बिचड़ा तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अगेती खेती किसानों के लिए हमेशा फायदेमंद रहती है।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम का पूर्वानुमान लगाना कठिन हो गया है, बावजूद इसके सरकार को उम्मीद है कि इस वर्ष अच्छी वर्षा होगी और किसानों की पैदावार बेहतर होगी। बीज आवंटन के सवाल पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि निगम के माध्यम से जल्द ही जिले में बीज उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान पावापुरी अस्पताल में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं होने तथा इलाज के अभाव में युवक की मौत का मामला भी उठाया गया। इस पर प्रभारी मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कहा कि अस्पताल की कमियों की जांच कर जल्द आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा बैठक में जनप्रतिनिधियों ने खराब चापाकल, बिजली आपूर्ति की समस्या तथा जर्जर पुल-पुलियों का मुद्दा भी उठाया। इस पर संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया गया।
जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री ने नवगठित ‘जिला नागरिक परिषद’ की बैठक भी की। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट समेत विभिन्न क्षेत्रों में जारी युद्ध का असर देश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री द्वारा आम नागरिकों से देशहित में कार्य करने की अपील को गांव-गांव तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि परिषद के सदस्य लोगों को उनके नागरिक दायित्वों और राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूक करने का कार्य करेंगे। बैठक में जिले के कई विधायक, विधान पार्षद और मनोनीत सदस्य मौजूद रहे।
