नूरसराय में दर्दनाक सड़क हादसा : तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गड्ढे में पलटी, चालक की मौके पर मौत, चार घायल
रानी सिन्हा की रिपोर्ट
नूरसराय (नालंदा)। नूरसराय थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, बिहारशरीफ-परवलपुर मार्ग पर नूरसराय थाना क्षेत्र के नारी गांव के समीप दहपर की ओर तेज गति से जा रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहन से चार अन्य घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। स्थानीय थाना पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल, बिहारशरीफ भेजा।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि वाहन में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। मृतक चालक की पहचान नूरसराय के मकनपुर गांव निवासी सुखदेव यादव के 21 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
