रहुई में अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
मुस्तफापुर गांव में गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी, मोबाइल भी बरामद
राकेश कुमार नालंदा । पुलिस अधीक्षक नालंदा के निर्देश पर जिले में अवैध आग्नेयास्त्रों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रहुई थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुस्तफापुर गांव से एक युवक को अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, रहुई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मुस्तफापुर गांव में एक व्यक्ति अपने पास अवैध हथियार रखे हुए है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने विधिवत छापेमारी की। इस दौरान राजपाल पासवान (24 वर्ष), पिता बढ़न पासवान, निवासी मुस्तफापुर, थाना रहुई, जिला नालंदा को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद हथियार और कारतूस को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इस मामले में रहुई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
