महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर समाजसेवी ने जताया गहरा शोक, शोक सभा आयोजित
रानी सिन्हा, संबाददाता।
नूरसराय (नालंदा)। बुधवार की सुबह निजी विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर फैल गई। इस दुखद घटना पर नालंदा जिले के जाने-माने समाजसेवी सह परविंदर इंटरप्राइजेज के निदेशक अरविंद कुमार सिन्हा ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।
श्री सिन्हा ने अपने शोक संदेश में कहा कि अजित पवार महाराष्ट्र की राजनीति के एक सशक्त और प्रभावशाली नेता थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में प्रशासनिक क्षमता, नेतृत्व कौशल और जनसेवा के माध्यम से एक अलग पहचान बनाई। उनके निधन से न केवल महाराष्ट्र बल्कि देश की राजनीति को अपूरणीय क्षति पहुंची है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि अजित पवार का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनकी कमी राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र में हमेशा महसूस की जाएगी।
इस दुखद अवसर पर परविंदर इंटरप्राइजेज के क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा तथा ईश्वर से प्रार्थना की कि वे शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करें।
शोक सभा में समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा के अलावा एचआर प्रवीण कुमार, तपस कुमार मांझी, अमन सिंह, प्रणव कुमार, आरती सक्सेना, पल्लवी कुमारी, अमाया सिन्हा, नम्रता कुमारी, रामानंद प्रसाद, रंजीत मिश्रा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
