नालंदा में रेड क्रॉस का साप्ताहिक स्वास्थ्य शिविर, 155 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार

0
IMG-20260426-WA0004

बिहारशरीफ (नालंदा ) : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा नालंदा द्वारा रविवार को श्रम कल्याण केंद्र मैदान स्थित विस्तारित भवन में साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क परामर्श और उपचार प्रदान किया।

शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। लाभार्थियों ने रेड क्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे जनहित में अत्यंत उपयोगी बताया। आयोजकों ने जानकारी दी कि यह शिविर प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाता रहेगा।

शिविर में कुल 155 मरीजों की जांच की गई। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी ने 40 बच्चों का उपचार किया, जबकि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव कुमार सिंह ने 30 मरीजों की आंखों की जांच की। फिजिशियन डॉ. अखिलेश कुमार एवं डॉ. उमेश कुमार सिन्हा ने मिलकर 70 मरीजों को चिकित्सा परामर्श दिया। डॉ. स्मृति सिन्हा ने 15 मरीजों का दंत परीक्षण किया, वहीं फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. मोहम्मद शहजाद आलम ने 20 मरीजों को परामर्श दिया। होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौतम कुमार एवं डॉ. रितेश कुमार ने 15 मरीजों का उपचार किया। इसके अलावा 25 लोगों की मधुमेह जांच भी की गई।

1001406664
1001406667

शिविर में उपस्थित चिकित्सकों में डॉ. श्याम बिहारी (शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. अखिलेश कुमार एवं डॉ. उमेश कुमार सिन्हा (फिजिशियन), डॉ. अभिनव कुमार सिंह (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. स्मृति सिन्हा (दंत रोग विशेषज्ञ), डॉ. गौतम कुमार एवं डॉ. रितेश कुमार (होम्योपैथिक चिकित्सक) तथा डॉ. मोहम्मद शहजाद आलम (फिजियोथैरेपिस्ट) शामिल रहे।

कार्यक्रम के सफल संचालन में रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष अरविंद पंडित एवं कार्यकारिणी सदस्य मनोज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही आजीवन सदस्य बृज बिहारी, राकेश कुमार पंकज, चंद्रमणि कुमार, नागेंद्र कुमार, प्रमोद पंडित, अरविंद पंडित, एनएम मुस्कान कुमारी, कुणाल गौरव, शंभू कश्यप, साधु श्रम प्रसाद, रागिनी कुमारी, आकाश रोशन, प्रोफेसर स्वधर्म, अरुण कुमार एवं संजय कुमार ने भी सक्रिय सहयोग दिया।

शिविर के दौरान सदस्यों ने मरीजों के पंजीकरण, कतार प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला। उपस्थित लोगों ने सभी सदस्यों की सेवा भावना और समर्पण की सराहना करते हुए इसे शिविर की सफलता का मुख्य आधार बताया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *