कतरीसराय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, होली और रमजान सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील

0
IMG-20260226-WA0074

शंकर कुमार की रिपोर्ट,

कतरीसराय (नालंदा)। रंगों के त्योहार होली और आपसी भाईचारे के पर्व रमजान को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कतरीसराय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार एवं सीओ स्वेता कुमारी ने संयुक्त रूप से की।

बैठक को संबोधित करते हुए सीओ स्वेता कुमारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि होली भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाई जा सके तथा विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें, ताकि स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

वहीं थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि होली के दौरान रंग और गुलाल लगाने के बहाने महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि थाना क्षेत्र में शराब पीने, पिलाने या नशे की हालत में होली की आड़ में हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

थानाध्यक्ष ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने गांव एवं टोले में असामाजिक तत्वों पर नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर विधि-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

बैठक में पूर्व प्रमुख धनंजय प्रसाद, पूर्व जिला पार्षद रनबीर सिंह, जदयू अध्यक्ष रजनीश कुमार मुन्ना, जदयू नेता ललन सिंह, पूर्व मुखिया नवेन्दु झा, भाकपा नेता डॉ. मनोज कुमार, राजद अध्यक्ष विकास कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक में दोनों पर्वों को आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांति के साथ मनाने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *