गंजपर मॉब लिंचिंग कांड की जांच को लोजपा (रामविलास) की 5 सदस्यीय कमेटी गठित, मंत्री संजय पासवान ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

0
WhatsApp Image 2026-06-19 at 6.21.12 AM (1)

बिहारशरीफ। नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंजपर गांव के दो युवकों पिंटु पासवान और श्रवण कुमार की राजगीर मलमास मेला क्षेत्र में कथित मॉब लिंचिंग में हुई मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना की जांच के लिए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पांच सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर गठित इस जांच दल ने 18 जून को गंजपर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। जांच कमेटी का नेतृत्व बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने किया।

जांच दल में प्रदेश महासचिव सुरेश पासवान, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शोभा सिन्हा, छात्र प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सिमांत मृणाल उर्फ प्रिंस मृणाल तथा एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष लाल बाबू पासवान शामिल हैं।

गांव पहुंचकर मंत्री संजय पासवान ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी से भी बातचीत कर मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मंत्री ने कहा कि इस मामले की सुनवाई स्पीडी ट्रायल के तहत कराई जानी चाहिए ताकि दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मंदिर में चोरी की घटना की पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी चोरी का आरोप लगाकर दोनों युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जो बेहद निंदनीय और अमानवीय कृत्य है।

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं, लोजपा (रामविलास) की जांच कमेटी अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवारों को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *