भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भरी हुंकार, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान

0
IMG-20260226-WA0067

प्रेम कुमार की रिपोर्ट,

बिहारशरीफ। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के चल रहे संगठन सृजन अभियान के तहत जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित विशेष बैठकों से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एआईसीसी पर्यवेक्षक रणविजय सिंह लोचव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जमीनी कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत होते हैं और संगठन की मजबूती बूथ स्तर से ही सुनिश्चित होती है। यदि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता तैयार होंगे तो पार्टी जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठा सकेगी।

बैठक में जिला अध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला, बिहार प्रदेश के कई पर्यवेक्षक, वरिष्ठ नेता, प्रखंड अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पर्यवेक्षकों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन को गांव-गांव और पंचायत स्तर तक सक्रिय बनाना है, ताकि आम लोगों की समस्याएं सीधे पार्टी मंच तक पहुंच सकें।

जिला अध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला ने कहा कि कांग्रेस की पहचान हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों और युवाओं की आवाज के रूप में रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाएं, उनकी समस्याओं को समझें और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन जितना मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही मजबूती से जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।

उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत हर बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान की जा रही है। साथ ही युवाओं और नए चेहरों को जोड़कर संगठन में नई ऊर्जा भरने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।

बैठक के दौरान कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव भी साझा किए तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कुछ कार्यकर्ताओं ने सच्चे और समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित पद देने की मांग भी उठाई।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर पार्टी संगठन स्तर पर तेजी से तैयारी में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *