कतरीसराय में बीईओ अब्दुल मन्नान के सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई
कतरीसराय। प्रखंड के बीआरसी भवन सभागार में शनिवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अब्दुल मन्नान के सेवानिवृत्त होने पर एक भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक अजय प्रसाद ने की। समारोह में प्रखंड के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ रजनीश कुमार ने कहा कि किसी भी प्रखंड की प्रगति में शिक्षा विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि अब्दुल मन्नान की प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा उनके व्यक्तित्व की पहचान रही है। एक अधिकारी केवल अपने पद से नहीं, बल्कि अपने कार्य और व्यवहार से पहचाना जाता है। उनका अनुभव आगे भी समाज और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
पूर्व जिला परिषद सदस्य रणवीर सिंह ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान अब्दुल मन्नान ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालयों में अनुशासन कायम करने, नियमित निरीक्षण करने और शिक्षकों का मार्गदर्शन कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने में उनका योगदान सराहनीय रहा।
पूर्व प्रखंड प्रमुख धनंजय ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रखंड के कई विद्यालयों में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला। उनका सरल स्वभाव और प्रशासनिक दक्षता सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर जदयू के प्रखंड अध्यक्ष रजनीश कुमार मुन्ना ने भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को अनुकरणीय बताते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
समारोह के दौरान शिक्षकों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मध्याह्न भोजन बीआरपी संतोष कुमार, सतीश प्रसाद, धर्मेन्द्र कुमार, संजय कुमार वर्मा, संजय सिंह, चंदन कुमार सिंह, लेखापाल उमाकांत प्रसाद, धीरज कुमार, मुकेश कुमार, भुषण कुमार, प्रिंस कुमार वर्मा सहित अनेक शिक्षक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अब्दुल मन्नान के सेवानिवृत्ति के बाद उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
