उच्च शिक्षा में सुधार को लेकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
पटना, संवाददाता। राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार, प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण एवं विश्वविद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिहार लोक भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन एवं माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लागू की जा रही नई पहलों एवं सुधारात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, सुशासन को मजबूत करने तथा संस्थागत व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा के दौरान राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन विकसित करने, डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने, प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता सुनिश्चित करने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों शीर्ष नेताओं ने संबंधित अधिकारियों को सुधार कार्यों में तेजी लाने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में उच्च शिक्षा संस्थानों को आधुनिक, पारदर्शी एवं छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने पर भी बल दिया गया। इसके अलावा विश्वविद्यालयों में प्रशासनिक सुधार, तकनीक आधारित कार्यप्रणाली और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
