286 करोड़ की 157 विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास, पटना में बनेगी 66 हजार एकड़ की सैटेलाइट टाउनशिप

0
WhatsApp Image 2026-06-20 at 6.11.08 AM

पटना, संवाददाता। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में नगर विकास एवं आवास विभाग की 286 करोड़ रुपये की लागत वाली 157 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने पटना के सौंदर्यीकरण एवं आधुनिक शहरी विकास कार्यों को और गति देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की स्मृति में ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पर आधारित लोकनायक जयप्रकाश नारायण पार्क का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पार्क में जयप्रकाश नारायण के जीवन, विचारों और संघर्षों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पटना को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (वेस्ट मैनेजमेंट) कार्यों में तेजी लाई जाएगी। साथ ही नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत घर-घर सीवरेज नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सब्जी हाट योजना भी लागू की जाएगी, जिससे आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने पटना के दीर्घकालिक विकास को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 66 हजार एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘पाटलिपुत्र’ सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से राजधानी क्षेत्र में आवास, रोजगार, निवेश और आधारभूत संरचना के नए अवसर सृजित होंगे तथा पटना को आधुनिक महानगर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरी विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए बिहार के शहरों को नई पहचान देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *