भोजपुर में 31.21 करोड़ की लागत से बनेगा इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क, मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास
भोजपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड स्थित नवादाबेन पंचायत के वाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में 31.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का शिलान्यास किया। यह परियोजना 32 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक्वा पार्क बिहार में मत्स्य पालन के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने बताया कि वाणासुर मत्स्य बीज प्रक्षेत्र की 32 एकड़ भूमि पर मछली उत्पादन के साथ-साथ इको-टूरिज्म को भी विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क के निर्माण से मत्स्य उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि होगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य में आधुनिक एवं समेकित मत्स्य विकास का मॉडल केंद्र बनेगी। इसके माध्यम से मत्स्य क्षेत्र को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा और इको-टूरिज्म को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह परियोजना बिहार में मत्स्य आधारित उद्योगों के विकास और ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
