गया में टेक्नोलॉजी सेंटर का शिलान्यास, खिजरसराय में बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम : सम्राट चौधरी
गया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार को गया जिले के खिजरसराय में प्रौद्योगिकी केंद्र (टेक्नोलॉजी सेंटर) का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस अवसर पर गया-इस्लामपुर-खिजरसराय पथ के 20वें किलोमीटर से टेक्नोलॉजी सेंटर, देवगांव तक सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में तेजी से वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में राज्य में एमएसएमई इकाइयों की संख्या लगभग 6 लाख थी, जो अब बढ़कर 46 लाख से अधिक हो गई है। इसके माध्यम से करीब 1 करोड़ 87 लाख लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए व्यवस्था की है कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेज दी जाएगी।
उन्होंने खिजरसराय में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए बिहार सरकार 40 एकड़ भूमि उपलब्ध कराएगी। यह स्टेडियम क्षेत्र के खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मददगार साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने फल्गू नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि माता सीता के श्राप से जुड़ी मान्यता वाली फल्गू नदी को पुनर्जीवित करने के लिए इंद्रपुरी जलाशय, सोन नदी और बाण सागर समझौते के तहत प्राप्त पानी को हर हाल में फल्गू नदी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना, रोजगार, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है, जिससे बिहार के विकास को नई गति मिल रही है।
