पटना में राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन, मत्स्यपालन को मिलेगी नई गति : सम्राट चौधरी
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा केंद्रीय पंचायती राज एवं मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने सोमवार को मीठापुर स्थित मत्स्य विकास भवन के भूतल पर राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (एनएफडीबी), हैदराबाद के क्षेत्रीय कार्यालय का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना में एनएफडीबी के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना से बिहार में मत्स्यपालन क्षेत्र को नई गति मिलेगी और मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हाट की अवधारणा पर दूध, सब्जी और मछली की एकीकृत बिक्री व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता है, ताकि किसानों और मत्स्य पालकों को सीधे लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक पंचायत और प्रखंड में मछली उत्पादन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। बेहतर गुणवत्ता एवं बिना कांटे वाली मछलियों के उत्पादन को प्रोत्साहित कर बिहार की मछलियों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 जुलाई से पटना के लोगों को मात्र 2100 रुपये में हेलीकॉप्टर से शहर का भ्रमण कराया जाएगा।
इसके अलावा पर्यटकों को लगभग 6000 रुपये में हेलीकॉप्टर के माध्यम से राजगीर, मुंडेश्वरी माता मंदिर, तुतला भवानी मंदिर, क्षेत्र के प्रमुख जलप्रपातों तथा वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व का भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना में बिहार सरकार सब्सिडी भी प्रदान करेगी, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक बिहार की प्राकृतिक और धार्मिक धरोहरों का आनंद ले सकें।
