सम्राट कैबिनेट का विस्तार : 32 मंत्रियों ने ली शपथ, निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग

0
samrat-chaudhry-cabinet-news

संवाददाता, पटना : बिहार में नई सरकार के गठन के 22 दिन बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में कुल 32 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इनमें भाजपा के 15, जदयू के 13, लोजपा (रामविलास) के 2, हम के 1 तथा आरएलएम के 1 मंत्री शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह, सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन एवं सिविल विमानन समेत छह विभाग अपने पास रखे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निशांत कुमार पहली बार मंत्री बने हैं और फिलहाल वे किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार उन्हें छह महीने के भीतर विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य बनना होगा।

डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव को वित्त एवं वाणिज्य कर विभाग दिया गया है, जबकि दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी जल संसाधन एवं संसदीय कार्य विभाग संभालेंगे। पूर्व डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा को कृषि मंत्रालय सौंपा गया है। शिक्षा विभाग पहली बार भाजपा के हिस्से में गया है और इसकी जिम्मेदारी मिथिलेश तिवारी को दी गई है।

श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क, दिलीप जायसवाल को राजस्व एवं भूमि सुधार, लेसी सिंह को भवन निर्माण, रामकृपाल यादव को सहकारिता तथा नीतीश मिश्रा को नगर विकास एवं आवास और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सौंपा गया है। वहीं दामोदर रावत को परिवहन, संजय सिंह टाइगर को उच्च शिक्षा एवं विधि, अशोक चौधरी को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा भगवान कुशवाहा को योजना एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली है।

अरुण शंकर प्रसाद को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, मदन सहनी को मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन, संतोष कुमार सुमन को लघु जल संसाधन, रमा निषाद को पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा रत्नेश सादा को आपदा प्रबंधन विभाग सौंपा गया है। इसके अलावा कुमार शैलेन्द्र को पथ निर्माण, शीला कुमारी को विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा, केदार प्रसाद गुप्ता को पर्यटन तथा लखेंद्र कुमार रौशन को अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

सुनील कुमार को ग्रामीण कार्य, श्रेयसी सिंह को उद्योग एवं खेल, जमा खान को अल्पसंख्यक कल्याण तथा नंदकिशोर राम को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग मिला है। वहीं शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को ऊर्जा, प्रमोद कुमार को खान एवं भूतत्व तथा कला संस्कृति, श्वेता गुप्ता को समाज कल्याण, रामचंद्र प्रसाद को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, संजय कुमार सिंह को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण तथा संजय कुमार को गन्ना उद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग सौंपा गया है।

शपथ ग्रहण के साथ ही सम्राट कैबिनेट में मंत्रियों की कुल संख्या 34 हो गई है। निशांत कुमार, मिथिलेश तिवारी, श्वेता गुप्ता समेत आठ नेता पहली बार मंत्री बने हैं। कार्यक्रम करीब 25 मिनट तक चला, जिसमें एक साथ पांच-पांच विधायकों ने शपथ ली। पहले चरण में निशांत कुमार, श्रवण कुमार, विजय सिन्हा, लेसी सिंह और दिलीप जायसवाल ने शपथ ग्रहण किया।

समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच पर नीतीश कुमार से मुलाकात की और दोनों नेताओं के बीच आत्मीय बातचीत हुई। इधर, दो बार बिहार के स्वास्थ्य मंत्री रह चुके मंगल पांडेय को इस बार मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार उन्हें भाजपा संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। चर्चा है कि उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया जा सकता है तथा आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव में भी अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *