पोआरी पंचायत में पंचायत सरकार भवन निर्माण की मांग, मुखिया प्रतिनिधि ने पंचायती राज मंत्री से की मुलाकात

0
IMG-20260202-WA0086

राकेश कुमार की रिपोर्ट

हरनौत प्रखंड के पोआरी पंचायत की मुखिया रेखा देवी के प्रतिनिधि सतीश कुमार उर्फ बड़े पासवान ने पंचायत की बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर रविवार को पटना स्थित कार्यालय में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को गुलदस्ता भेंट कर पंचायत की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

मुखिया प्रतिनिधि ने मंत्री को बताया कि प्रखंड क्षेत्र के कई पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण हो चुका है, लेकिन पोआरी पंचायत के साथ उपेक्षापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन के अभाव में ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए 10 से 12 किलोमीटर दूर प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।

उन्होंने जानकारी दी कि पंचायत सरकार भवन निर्माण के लिए अजीत प्रसाद एवं विश्वजीत कुमार ने अपनी रैयत जमीन बिहार सरकार को दान में दी है। इसके बावजूद संबंधित पदाधिकारी जमीन नहीं होने का हवाला देकर निर्माण कार्य शुरू नहीं करवा रहे हैं।

सतीश कुमार ने कहा कि पंचायत सरकार भवन बन जाने से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर आसानी से मिल सकेगा।

मंत्री दीपक प्रकाश ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए हर संभव सहयोग और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस मौके पर प्रखंड प्रमुख सुबीली देवी के पति चंदन पासवान समेत अन्य लोग भी उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *