तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने बाइक में मारी टक्कर, युवक गंभीर, कार खाई में पलटी

0
Screenshot_20260202_202240_WhatsApp

रानी सिन्हा की रिपोर्ट
बिंद (नालंदा)। जिले के बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहटा–सरमेरा मुख्य मार्ग पर ईश्वरचक मोड़ के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने आगे चल रही एक बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अनियंत्रित फॉर्च्यूनर कार सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई।

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता

घायल युवक की पहचान बेलक्षी थाना क्षेत्र के कोरारी गांव निवासी प्रमोद कुमार के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फॉर्च्यूनर की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बिंद थाना पुलिस और डायल 112 को सूचना दी।

1001227904

अस्पताल में चल रहा इलाज

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रमोद कुमार को तत्काल बिंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ रेफर कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर चालक कार पलटने के बाद मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वहीं घायल बाइक सवार की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *