भूसे के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 395 कार्टन विदेशी शराब, नालंदा में अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का खुलासा

0
sharabtaskar

नालंदा मद्य निषेध विभाग और पटना की एडीजी टीम की संयुक्त कार्रवाई, हरियाणा का ट्रक चालक गिरफ्तार; ट्रक से बिहार और यूपी की तीन नंबर प्लेट बरामद

बिहारशरीफ (नालंदा)। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ मद्य निषेध विभाग को बड़ी सफलता मिली है। नालंदा मद्य निषेध विभाग और पटना से पहुंची एडीजी मद्य निषेध की विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। तस्करों ने जांच एजेंसियों को चकमा देने के लिए विदेशी शराब की बड़ी खेप ट्रक में भूसे के नीचे छिपाकर रखी थी। हालांकि, गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उनकी चाल नाकाम हो गई। टीम ने बिहारशरीफ स्थित डीटीओ कार्यालय के समीप पटना-रजौली फोरलेन पर संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ट्रक से ‘ब्लू स्ट्रोक’ ब्रांड की 395 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से हरियाणा के एक चालक को गिरफ्तार किया गया।

उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो से सूचना मिली थी कि झारखंड के रास्ते विदेशी शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है, जिसे पटना पहुंचाया जाना था। सूचना मिलते ही नालंदा मद्य निषेध विभाग और पटना की विशेष टीम ने संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान डीटीओ कार्यालय के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई। शुरुआत में ट्रक सामान्य मालवाहक वाहन नजर आ रहा था, लेकिन गहन तलाशी लेने पर भूसे के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

ट्रक पर बिहार का नंबर, यूपी की दो नंबर प्लेट भी मिलीं

कार्रवाई के दौरान ट्रक से एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। जांच में ट्रक पर बिहार का निबंधन नंबर बीआर-01 लगा मिला, जबकि तलाशी के दौरान उत्तर प्रदेश के निबंधन नंबर वाली दो अन्य नंबर प्लेट भी बरामद की गईं। अधिकारियों को आशंका है कि तस्कर पुलिस और जांच एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए रास्ते में ट्रक की नंबर प्लेट बदलते थे।

फिलहाल मद्य निषेध विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रक का वास्तविक निबंधन किस राज्य में है और बरामद अलग-अलग नंबर प्लेटों का इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया जा रहा था। साथ ही शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इस तस्करी गिरोह में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *