सोनपुर में बनेगा देश का चौथा सबसे बड़ा एयरपोर्ट, अमेरिका, लंदन और सिंगापुर के लिए संचालित होंगी सीधी उड़ानें

0
IMG-20260225-WA0034

नालंदा से शाहनवाज का बड़ा हमला: ‘राहुल गांधी देश का कर रहे विरोध’

शंकर कुमार की रिपोर्ट, बिहार शरीफ (नालंदा) : जिले के मेहनौर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन और बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सोनपुर एयरपोर्ट पर बड़ा दावा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सारण जिले के सोनपुर में देश का चौथा सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनने जा रहा है, जहां से अमेरिका, लंदन और सिंगापुर के लिए सीधी उड़ानें संचालित होंगी।

1001278755

इस उपलब्धि के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सांसद राजीव प्रताप रूडी को बधाई दी। राजद द्वारा राज्य का खजाना खाली होने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है।

राहुल गांधी पर तीखा हमला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि विपक्ष के नेता अब देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान दे रहे हैं। एआई समिट में यूथ कांग्रेस के हंगामे का जिक्र करते हुए उन्होंने ऐसे मामलों में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सेना, चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाते रहते हैं।

मठ-मंदिरों को सामाजिक सरोकार से जोड़ने की पहल

बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि राज्य के मठ-मंदिरों को केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाएगा।

1001278075

उन्होंने बताया कि चार सूत्री योजना के तहत मठ-मंदिर गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा देंगे, गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग करेंगे तथा युवाओं के शारीरिक विकास के लिए अखाड़ा और जिम की व्यवस्था करेंगे। बिहारशरीफ के ऐतिहासिक मनेराम अखाड़ा के उदाहरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसके बेहतर उपयोग पर बल दिया।

साथ ही पूर्णिमा और अमावस्या पर विशेष पूजन की परंपरा को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

अतिक्रमण पर सख्ती

धार्मिक स्थलों की जमीन पर अतिक्रमण के सवाल पर प्रो. नंदन ने कहा कि शिकायत मिलते ही संबंधित जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निबंधित और गैर-निबंधित सभी मंदिरों की घेराबंदी के लिए बोर्ड सरकार को अनुशंसा करता है।

बिहारशरीफ के प्राचीन पुस्तकालय के जीर्णोद्धार के संबंध में उन्होंने कहा कि छोटे स्तर के मरम्मत कार्य बोर्ड द्वारा कराए जाते हैं, जबकि बड़े बजट के प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजे जाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *