रहुई में मां समेत दो मासूम बेटियों की मौत से सनसनी, परिजनों ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप, पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई

0
IMG-20260203-WA0130

नालंदा से संवाददाता, राकेश कुमार

रहुई थाना क्षेत्र के जगनंदनपुर गांव में मां और उसकी दो मासूम बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जता रही है। मामले की जांच जारी है।

मृतकों की पहचान जगनंदनपुर निवासी पिंटू यादव की 28 वर्षीय पत्नी कविता देवी, उनकी 5 वर्षीय पुत्री सपना कुमारी और डेढ़ वर्षीय गुंजन कुमारी के रूप में हुई है।

मायके पक्ष का आरोप

मृतका के दादा सूबे यादव, निवासी बासवान विगहा (बिहार थाना क्षेत्र), ने आरोप लगाया कि पिछले छह दिनों से ससुराल पक्ष द्वारा कविता को प्रताड़ित किया जा रहा था। उसे घर में खाना तक नहीं दिया जा रहा था, जिसके कारण वह पड़ोसियों के यहां जाकर भोजन करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने ही जहर देकर तीनों की हत्या की है।

अस्पताल में भर्ती कर फरार होने का आरोप

मृतका के भाई (मामा) पीयूष कुमार ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर ससुराल वालों ने कविता और दोनों बच्चियों को पावापुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया और फिर वहां से फरार हो गए। इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।

पुलिस का पक्ष

वहीं रहुई थाना अध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में घरेलू कलह के कारण महिला द्वारा अपने बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या करने की आशंका सामने आई है। हालांकि, सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल में भर्ती कराने के बाद से फरार हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया है।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *