बाबा मनीराम अखाड़े में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और सांसद कौशलेंद्र कुमार ने लंगोट अर्पित कर लगाई हाजिरी

0
20260801_094208

लंगोट अर्पित कर बिहार की सुख-समृद्धि, अमन-चैन और किसानों की खुशहाली की कामना की

बिहारशरीफ (नालंदा)। बिहारशरीफ स्थित ऐतिहासिक बाबा मनीराम अखाड़े में शनिवार को ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार ने बाबा मनीराम की समाधि पर लंगोट अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने बिहार में अमन-चैन, भाईचारे और समृद्धि के साथ-साथ राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए बाबा से आशीर्वाद मांगा।

बाबा मनीराम का यह दरबार दुनिया का एकमात्र ऐसा मंदिर माना जाता है, जहां भगवान को पारंपरिक प्रसाद की बजाय लंगोट अर्पित करने की अनूठी परंपरा है। इन दिनों यहां वार्षिक लंगोट अर्पण मेला चल रहा है, जिसमें प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि वे हर वर्ष की तरह बाबा के दरबार में आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने बाबा से प्रार्थना की कि बिहार के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा हम सभी को राज्य के विकास के लिए निरंतर कार्य करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, सौहार्द, मिल्लत और भाईचारा कायम रहे तथा बिहार निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।

1001644173

बांकीपुर उपचुनाव पर बोले मंत्री

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर महागठबंधन द्वारा किए जा रहे जीत के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मतगणना में अभी कुछ दिन शेष हैं। जनता का जनादेश फिलहाल ईवीएम में सुरक्षित है। मतदान से पहले और परिणाम आने तक सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा करते हैं। अंतिम फैसला जनता का होता है और जो भी जनादेश आएगा, उसका सभी को सम्मान करना चाहिए।

पप्पू यादव पर भी साधा निशाना

संसद में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के साधु वेश में पहुंचने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यदि किसी को वास्तव में साधु बनना है तो उसे किसी मंदिर या मठ में जाकर साधु जीवन अपनाना चाहिए। केवल भेष बदलकर संसद पहुंचना उचित नहीं है।

किसानों की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद

नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि वे हर वर्ष बाबा मनीराम के दरबार में राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की कामना लेकर आते हैं। इस बार उन्होंने विशेष रूप से नालंदा जिले के किसानों के हित में बाबा से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जिले में किसानों को सिंचाई और पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बाबा से प्रार्थना है कि किसानों की सभी परेशानियां दूर हों और नालंदा सहित पूरा बिहार तथा देश खुशहाल बने।

लंगोट अर्पण की अनूठी परंपरा

बाबा मनीराम अखाड़े की सबसे बड़ी विशेषता यहां की सदियों पुरानी लंगोट अर्पण की परंपरा है। मान्यता है कि बाबा मनीराम ने कुश्ती को अपनी साधना का माध्यम बनाया था। उनका संदेश था कि “स्वच्छ मन होगा, तभी स्वस्थ तन होगा।” इसी विचार को आत्मसात करते हुए श्रद्धालु आज भी बाबा को लंगोट अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त करते हैं। यही कारण है कि यह दरबार देश-दुनिया में अपनी अनूठी परंपरा के लिए प्रसिद्ध है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *