राजगीर में मलमास मेला 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक
अमर वर्मा की रिपोर्ट,
नालंदा। जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में मलमास मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
विदित हो कि आगामी मलमास मेला का आयोजन 17 मई 2026 से 15 जून 2026 तक राजगीर में निर्धारित है। इस दौरान आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु ब्रह्म कुंड में स्नान करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचते हैं।
बैठक में मेला अवधि के दौरान संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाएं, शरणस्थली, शौचालय, चेंजिंग रूम, नियंत्रण कक्ष, हेल्प डेस्क, आवासन, खानपान, हाई मास्ट लाइटिंग, ट्रैफिक चेक पोस्ट, बस एवं ई-रिक्शा से निर्धारित शुल्क पर परिवहन व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अग्निशमन सुरक्षा तथा मोबाइल शौचालय आदि विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस बल, महिला पुलिस एवं स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से भीड़ पर सतत नजर रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करने एवं पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, स्ट्रेचर, आवश्यक दवाओं, मेडिकल कैंप एवं चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
खोए हुए व्यक्तियों को उनके परिजनों से मिलाने हेतु सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए कैंटीन, दीदी की रसोई एवं सस्ती रोटी काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही एआई काउंटर, मोबाइल एप और वेबसाइट के माध्यम से भी जानकारी उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, मेला थाना, धुनीवर स्थल, बस स्टैंड, झुनकिया बाबा, ब्रह्म कुंड घाट, स्टेट गेस्ट हाउस, सैनिक स्कूल, महाराजा होटल के समीप, गढ़ महादेव, वैतरणी घाट तथा पीएचईडी कैंपस में वाटरप्रूफ यात्री शेड (टेंट सिटी) का निर्माण कराया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ब्रह्म कुंड में प्राकृतिक स्रोतों से आने वाली अविरल जलधारा को निरंतर प्रवाहित रखने के लिए आसपास के क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जाए। वैतरणी घाट पर भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य समय पर पूरा करने का भी निर्देश दिया गया।
शाही स्नान के अवसर पर विशेष भीड़ नियंत्रण व्यवस्था लागू की जाएगी तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), पुलिस उपाधीक्षक सहित संबंधित विभागों के कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मलमास मेला 2026 के सफल आयोजन हेतु अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें।
