कतरीसराय में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, 600 लीटर छोबा नष्ट
कतरीसराय (नालंदा)। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कतरीसराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान शाहाबाद, सैदी और पटोरिया गांवों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 600 लीटर छोबा (शराब बनाने के लिए तैयार कच्चा माल) बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन गांवों में अवैध रूप से शराब निर्माण की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में छोबा बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही बहा दिया गया।
हालांकि छापेमारी के दौरान अवैध चुलाई शराब और कारोबार में संलिप्त धंधेबाज पुलिस के हाथ नहीं लग सके। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित फरार हो गए।
इस अभियान का नेतृत्व एएसआई रुदल पासवान ने किया। उनके साथ पुलिस बल के अन्य जवान भी मौजूद थे। थाना पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
