होली को लेकर हरनौत व तेलमर थाना में शांति समिति की बैठक, एसडीएम व डीएसपी रहे मौजूद
सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरनौत (नालंदा)। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को हरनौत थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने की।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर किसलय श्रीवास्तव (एसडीएम) तथा संजय कुमार जायसवाल (सदर डीएसपी-2) विशेष रूप से मौजूद रहे।
एसडीएम किसलय श्रीवास्तव ने उपस्थित लोगों से अपील की कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि होली रंगों का त्योहार है, जिसे मेल-मिलाप और खुशी के साथ मनाया जाना चाहिए।
डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने कहा कि होली के दिन सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा गश्ती बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि होली और रमजान दोनों महत्वपूर्ण पर्व हैं, जिन्हें आपसी सद्भाव के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने संबंधित थानों को निर्देश देते हुए कहा कि बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही होली के अवसर पर डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने जानकारी दी कि 1 मार्च को हरनौत थाना परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में वर्षों से होली भाईचारे के साथ मनाई जाती रही है और आगे भी इस परंपरा को कायम रखा जाएगा।
इधर, हरनौत प्रखंड के तेलमर थाना परिसर में भी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई। उन्होंने लोगों से अपील की कि होली को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराएं। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी सौरव सुमन, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार, हरनौत नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रविकांत कुमार, वार्ड पार्षद सुनील कुमार, भाजपा नेता मुकेश कुमार, तेलमर पंचायत के मुखिया विद्यानंद बिंद, संजय कुमार, गुड्डू कुमार, रोशन कुमार, शिशुपाल कुमार समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।
प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण होली मनाने का संदेश दिया।
